‘हनुमान अंश’ की 400 करोड़ की ओर बढ़ती रफ्तार और ‘दृश्यम 3’ से संभावित टक्कर पर बोलीं प्रोड्यूसर, कहा- “हम डरते नहीं…”
फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार सफलता के नए आयाम गढ़ रही है और अब यह तेजी से 400 करोड़ रुपये के क्लब की ओर बढ़ रही है। मेकर्स की कोशिश है कि यह फिल्म सिनेमाघरों में 100 दिनों का लंबा थिएट्रिकल रन पूरा करे। हालांकि, आगामी 2 अक्टूबर को अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम 3’ के रिलीज होने से इसकी कमाई की रफ्तार पर असर पड़ने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस क्लैश और फिल्म के सफर को लेकर ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने खुलकर अपनी बात रखी है।
‘दृश्यम 3’ की रिलीज से क्या पड़ेगा असर?
2 अक्टूबर को ‘दृश्यम 3’ के सिनेमाघरों में आने से ‘हनुमान अंश’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और स्क्रीन काउंट पर असर पड़ने को लेकर जब सवाल किया गया, तो प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने माना कि थोड़ा असर जरूर पड़ सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों फिल्मों का जॉनर (Genre) बिल्कुल अलग है।
उन्होंने एक इंटरव्यू में बातचीत के दौरान कहा, “बिल्कुल असर पड़ेगा। जैसा कि मैंने कहा, हम सभी फिल्मों के अच्छा करने की प्रार्थना करते हैं। मैं खुद ‘दृश्यम’ के थिएटर में आने का इंतजार कर रही हूं और इसे देखने जाऊंगी, क्योंकि मैं ‘दृश्यम’ की फैन हूं। लेकिन बात यह है कि हम उस जॉनर से बिल्कुल मुकाबला नहीं कर रहे हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि जब पहले ‘टॉक्सिक’ फिल्म आई थी, तब भी उन्हें किसी तरह का डर नहीं था।
स्क्रीन कम होने के सवाल पर बेबाक जवाब
बड़ी फिल्मों के आने से छोटी बजट की फिल्मों के शो और स्क्रीन छिनने के सवाल पर रागिनी सोना ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि वे किसी भी चुनौती से घबराने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “हम जिस आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं, उसकी वजह यह है कि हमने बहुत कुछ झेला है… और इसे भी झेल लेंगे। जहां तक थिएटर्स की बात है, हमारे डिस्ट्रीब्यूटर्स से जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक लोग इसे हटाने की बात नहीं कर रहे हैं। समय ही बताएगा कि आगे क्या होगा, लेकिन निश्चित तौर पर कुछ थिएटर इसे हटा भी सकते हैं। अब हमारी टीम का मुख्य लक्ष्य सिर्फ कमाई करना नहीं, बल्कि सिनेमाघरों में 100 दिन पूरे करना है।”
फिल्म की स्टार कास्ट और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ में शोभिनव सत्या और चंदन आनंद अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। यह फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरित है।
अगर बात करें इसके शानदार बॉक्स ऑफिस आंकड़ों की, तो फिल्म ने घरेलू बाजार में अब तक लगभग 331.70 करोड़ रुपये ग्रॉस और 280.93 करोड़ रुपये नेट का कारोबार कर लिया है। वहीं, इसका कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 366.45 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। मात्र 1.75 से 2 करोड़ रुपये के कम बजट में बनी इस फिल्म के लिए ये आंकड़े किसी चमत्कार से कम नहीं हैं। इसके अलावा, फिल्म की बड़ी सफलता के चलते इसकी ओटीटी डील को लेकर भी इंडस्ट्री में काफी चर्चाएं बनी हुई हैं।